सहसपुर (डॉ. बिलाल अंसारी):
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस, औषधि निरीक्षक (FDA) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) देहरादून की संयुक्त टीम ने सहसपुर थाना क्षेत्र के धर्मावाला में मेडिकल स्टोरों की जांच की। जांच के दौरान धर्मावाला चौक स्थित सांई मेडिकल स्टोर से 112 अवैध ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए।
पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक जोनी सैनी (37 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 /22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से मिर्जापुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और पिछले करीब दो वर्षों से धर्मावाला में परिवार के साथ रह रहा है। उसने अपने चचेरे भाई शुभम के साथ करीब 10-11 वर्ष पहले सांई मेडिकल स्टोर खोला था। आरोपी ने स्वीकार किया कि मेडिकल स्टोर में रखे ट्रामाडोल कैप्सूल नशा करने वालों को फुटकर में बेचकर अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से रखे गए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद सभी नशीले कैप्सूल जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
