सेलाकुई निवासी सोयब अली ने CISCE राष्ट्रीय खेलों में जीता कांस्य पदक, उत्तराखंड का बढ़ाया मान

सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी) –
बैंगलोर में आयोजित भारतीय स्कूल प्रमाण पत्र परीक्षा परिषद (CISCE) राष्ट्रीय खेल 2026 में अटकफार्म, सेलाकुई के युवा धावक सोयब अली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, क्षेत्र और परिवार में खुशी का माहौल है।

CISCE राष्ट्रीय खेलों का आयोजन 27 से 29 अगस्त 2026 तक बैंगलोर में किया गया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंडर-19 वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में सोयब अली ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन करते हुए दौड़ को 4 मिनट 29 सेकंड में पूरा किया और तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

सोयब अली की इस सफलता पर उनके विद्यालय शिष्या पब्लिक स्कूल के शिक्षकों, प्रशिक्षकों और परिजनों ने खुशी जताई। सभी ने सोयब को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि सोयब की मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का परिणाम उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मिला है। सोयब अली की इस उपलब्धि से सेलाकुई क्षेत्र के लोगों में भी भारी उत्साह है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्होंने न केवल अपने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि सेलाकुई और उत्तराखंड का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

सोयब की सफलता से अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी । उनके परिजनों और प्रशिक्षकों ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सोयब इससे बड़ी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर देहरादून और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।